लखनऊ में चीनी मांझे का कहर: हाईकोर्ट के वकील की नाक कटी, ढाई इंच का घाव और 3 टांके

Lucknow: लखनऊ में चीनी मांझे ने एक बार फिर खतरनाक रूप दिखाया है। इस बार इसकी चपेट में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के एक वकील आ गए। चीनी मांझे से उनकी नाक पर करीब ढाई इंच लंबा घाव हो गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान तीन टांके लगाए।

घटना सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। वकील राघवेंद्र द्विवेदी गणेश उत्सव में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सिटी स्टेशन के पास अचानक उनके हेलमेट में मांझा फंस गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, मांझा उनकी नाक को काट चुका था और खून बहने लगा।

राहत की बात यह रही कि राघवेंद्र ने हेलमेट पहन रखा था। हेलमेट की वजह से मांझा उनकी गर्दन तक नहीं पहुंच सका। हेलमेट के शीशे पर भी मांझे से स्क्रैच आया। परिजन उन्हें तत्काल बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने घाव पर तीन टांके लगाए।

लखनऊ में चीनी मांझे से होने वाली यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में बाइक सवारों के हाथ, गर्दन और चेहरे कटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सबसे गंभीर घटना 3 फरवरी 2026 को हुई थी, जब दुबग्गा निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव मोहम्मद शोएब के गले में मांझा फंस गया था। हैदरगंज ओवरब्रिज पर हुए हादसे में उनकी मौत हो गई थी।

इसके बाद भी शहर में चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं। ताजा घटना एक बार फिर बताती है कि सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए यह मांझा कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

ऐसे में सवाल है कि प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझा आखिर बाजार में पहुंच कैसे रहा है और इसके खिलाफ कार्रवाई कब और कितनी सख्ती से होगी?

Related posts