लखनऊ के होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, साथ आया युवक फरार; पुलिस जांच में जुटी

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की है। पुलिस के मुताबिक, युवती सोमवार दोपहर एक युवक के साथ होटल में पहुंची थी। शाम करीब छह बजे वह बालकनी से नीचे गिर गई। घटना के बाद उसके साथ आया युवक मौके से फरार हो गया।

मृतका की पहचान समरीन के रूप में हुई है, जो लखनऊ की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि समरीन की शादी हो चुकी थी और पति से तलाक का मामला अदालत में चल रहा था। घटना वाले दिन उसकी पेशी भी थी, लेकिन वह अदालत नहीं पहुंची। परिजनों के मुताबिक, वह घर से कपड़े लेने की बात कहकर निकली थी।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान अवनीश जायसवाल के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसने होटल में कमरा नंबर 1037 बुक कराया था। युवती के नीचे गिरने के बाद युवक के लिफ्ट से बाहर निकलकर बाइक से फरार होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश की जा रही है।

उधर, युवती की मां ने बेटी की मौत पर न्याय की मांग की है। परिवार ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, युवती किन परिस्थितियों में नीचे गिरी, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की सच्चाई पता लगाने में जुटी है।

 

Related posts