ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में कैंसर मरीज को मिली नई जिंदगी, 40 वर्षीय मरीज जीभ के किनारे बने घाव से परेशान था

ठाकुरगंज स्थित टीबी सह संयुक्त चिकित्सालय ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार मुख कैंसर के एक मरीज की सफल सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

40 वर्षीय मरीज जीभ के किनारे बने घाव से परेशान था

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित टीबी सह संयुक्त चिकित्सालय में मुख कैंसर की सफल सर्जरी कर चिकित्सकों ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। ठाकुरगंज निवासी 40 वर्षीय एक मरीज लंबे समय से जीभ के किनारे बने ऐसे घाव से परेशान था, जो किसी भी उपचार के बाद ठीक नहीं हो रहा था।

मरीज ने अस्पताल के नाक, कान एवं गला रोग विभाग की ओपीडी में परामर्श लिया, जहां ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनित्या श्रीवास्तव ने जांच के बाद बायोप्सी कराने की सलाह दी। मरीज की सहमति मिलने पर बायोप्सी की गई, जिसमें मुख कैंसर की पुष्टि हुई।

रोग की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने बिना देरी किए शल्य चिकित्सा का निर्णय लिया। 24 जुलाई को मरीज की सफल कैंसर सर्जरी की गई। इसके साथ ही गले में सिलेक्टिव लिंफ नोड डिसेक्शन भी किया गया। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मरीज की स्थिति सामान्य होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सर्जरी को सफल बनाने वाली टीम

इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने वाली टीम में एनेस्थेटिस्ट डॉ. शाहिद अंसारी, ईएनटी सर्जन डॉ. अनित्या श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स नीतू मिश्रा, अर्चना श्रीवास्तव, अरुणा देवी तथा ऑपरेशन थिएटर के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी ने पूरी टीम को दी बधाई

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय की ईएनटी यूनिट आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यहां नाक, कान एवं गले से संबंधित सभी प्रकार की सर्जरी कुशलतापूर्वक की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि मुंह, नाक, कान या गले में कोई असामान्य समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो उसे नजरअंदाज न करें और समय रहते अस्पताल की ओपीडी में जांच कराकर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Related posts