यूट्यूब से ताला तोड़ना सीखा, मंदिर में 15 लाख की चोरी; लखनऊ में आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में मंदिर चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ऐशबाग स्थित जैन मंदिर चैत्यालय से अष्टधातु की भगवान अनंतनाथ की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, छत्र और पंचमेरू समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। पुलिस ने मामले में सीतापुर निवासी संजय शुक्ला को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक चोरी 20 और 21 अगस्त की रात आटा मिल परिसर, मिल रोड ऐशबाग स्थित जैन मंदिर में हुई थी। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से आरोपी तक पहुंची। सोमवार सुबह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने शालीमार कॉम्प्लेक्स से आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी करीब छह महीने पहले इसी इलाके की आटा मिल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। गलत हरकतों के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। नौकरी के दौरान वह मंदिर की सुरक्षा और देखरेख भी करता था, इसलिए उसे मंदिर के अंदर रखे कीमती सामान और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी।

पुलिस का दावा है कि नौकरी छूटने के बाद आरोपी ने मंदिर में चोरी की योजना बनाई। चोरी की तैयारी के दौरान उसने यूट्यूब पर ताला तोड़ने के तरीके सीखे। इसके बाद 20-21 अगस्त की रात पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर मंदिर पहुंचा। उसने सिरिंज से ताले में पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन ताला नहीं खुला। इसके बाद प्लास की मदद से ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

Related posts