Lucknow: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर एलपीजी गैस से भरा टैंकर बेकाबू होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा टैंकर तेज रफ्तार में था। ओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और टोल प्लाजा के पास पलट गया। इसके बाद गैस रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी।
आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। टोल प्लाजा परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। हादसे की चपेट में आकर टोल यार्ड में खड़ी 16 मोटरसाइकिलें और 2 कारें भी जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद टैंकर के अंदर चालक के अवशेष मिले। शुरुआती सूचना थी कि चालक कूदकर भाग निकला है, लेकिन बाद में उसकी मौत की पुष्टि हुई।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पांच गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी 60 प्रतिशत से अधिक झुलसे हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस और तकनीकी टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
