Lucknow: लखनऊ में गोमती नदी के घैला पुल पर एक युवक और युवती के नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में दोनों की तलाश में जुटी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती के बीच पारिवारिक रिश्ता था।
मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के घैला पुल का है। रिपोर्ट के अनुसार, 45 वर्षीय गौतम गुप्ता फैजुल्लागंज का रहने वाला है और बीकेटी इलाके में ढाबा चलाता है। उसकी शादी करीब 16 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। वहीं, 23 वर्षीय चुनमुन गुप्ता उसकी पत्नी की रिश्तेदार है और बीबीए की पढ़ाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों घर से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले युवक ने नदी में छलांग लगाई और उसके तुरंत बाद युवती भी नदी में कूद गई। सूचना मिलते ही मड़ियांव और ठाकुरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
युवती के पिता महेंद्र ने बताया कि उनकी बेटी नौकरी पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम को पुलिस का फोन आने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि युवक उनके रिश्तेदार परिवार से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर युवक का जूता और युवती की चप्पल मिली हैं। गोमती नदी में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में कठिनाई आ रही है। अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोक दिया गया और अगले दिन दोबारा तलाश किए जाने की बात कही गई।
फिलहाल दोनों का पता नहीं चल पाया था। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
