लोक आयुक्त के 50 साल पूरे, CM योगी बोले- 2017 में 60% शिकायतें राशन की थीं, अब जीरो

Lucknow: लखनऊ में लोक आयुक्त संगठन के 50 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर गोमतीनगर स्थित लोक आयुक्त कार्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने लोक आयुक्त प्रशासन की स्मारिका और सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। साथ ही संगठन की पांच दशक की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि लोक सेवक जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। सत्ता और अधिकार मिलने के बाद किसी व्यक्ति के व्यवहार में अहंकार नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त जैसी संस्थाएं अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी, जवाबदेही और नैतिक दायित्व का एहसास कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राशन वितरण व्यवस्था में आए बदलाव का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता दर्शन में आने वाली करीब 60 प्रतिशत शिकायतें राशन और खाद्यान्न वितरण से जुड़ी थीं। उस समय 100 लोगों में करीब 60 लोग राशन की शिकायत लेकर पहुंचते थे।

सरकार ने प्रदेश की करीब 80 हजार राशन दुकानों पर ई-पॉस मशीनें लगाईं और उन्हें मुख्यालय की निगरानी व्यवस्था से जोड़ा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, तकनीक के इस्तेमाल से व्यवस्था में पारदर्शिता आई और अब जनता दर्शन में करीब 500 लोग पहुंचने के बावजूद पीडीएस से जुड़ी शिकायतें शून्य हो गई हैं।

सीएम योगी ने लैंड यूज मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों के निस्तारण के लिए समय सीमा तय की गई है और 30 दिन में समाधान नहीं होने पर उसे डीम्ड माना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है। हर शिकायत का निस्तारण निष्पक्षता और मेरिट के आधार पर होना चाहिए, ताकि अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा महसूस कर सके।

Related posts