Lucknow: लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह कथित तौर पर शराब के नशे में थे। गंभीर हालत में परिजन उन्हें तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विकासनगर के सेक्टर-सी, सबोली निवासी 52 वर्षीय संदीप सिंह पुत्र जीत बहादुर सिंह के रूप में हुई है। वह श्रीराम सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे संदीप सिंह अपने कमरे में थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे तो संदीप सिंह खून से लथपथ पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना रात 12:22 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर विकासनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे से संदीप सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की गई है। मौके पर खून के निशान मिलने के बाद साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है और इलाके में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
