Lucknow: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पत्नी को पिस्टल दिखाते समय अचानक गोली चलने से 29 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली युवक की कनपटी में लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान महिपाल खेड़ा, सरसवां निवासी यशार्थ शरण यादव के रूप में हुई है। वह प्राइवेट नौकरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे यशार्थ एक अवैध पिस्टल लेकर घर पहुंचे थे। उस समय उनकी पत्नी भी घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि यशार्थ अपनी पत्नी को पिस्टल दिखा रहे थे।
इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन नीचे गिर गई। पुलिस के अनुसार, मैगजीन निकलने के बावजूद पिस्टल के चैंबर में एक राउंड मौजूद था। यशार्थ ने पिस्टल अपनी कनपटी पर लगाई और पत्नी से कहा कि मैगजीन निकल गई है, इसलिए अब कुछ नहीं होगा।
इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर ट्रिगर दबा दिया। पिस्टल से गोली चल गई और कनपटी में लगने से यशार्थ गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली चलने की आवाज के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें तत्काल हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलने पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अवैध पिस्टल और एक खोखा कारतूस कब्जे में लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
