लखनऊ में दो युवकों को नंगा करके पीटा: चोरी के शक में डंडों से बेरहमी, VIDEO वायरल होने पर पुलिस एक्शन

Lucknow: लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अंबरगंज में चोरी के शक में दो युवकों को कथित तौर पर नंगा करके डंडों से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब तीन बजे दो युवक अंबरगंज स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में पहुंचे थे। आरोप है कि वहां से मोटर, एक मजदूर का मोबाइल और करीब दस हजार रुपये चोरी किए गए। आहट होने पर वहां सो रहे मजदूरों और मिस्त्री की नींद खुल गई और उन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया।

इसके बाद दोनों युवकों को बालागंज पुलिस चौकी ले जाया गया। आरोप है कि वहां से कार्रवाई के बिना उन्हें वापस निर्माणाधीन इमारत में ले जाया गया। इसके बाद चोरी का सामान और पैसे बरामद करने के नाम पर दोनों के कपड़े उतरवाए गए और डंडों से पिटाई की गई।

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में दोनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद सआदतगंज पुलिस हरकत में आई। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पिटाई के शिकार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि चोरी का आरोप कितना भी गंभीर क्यों न हो, क्या किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेकर इस तरह सार्वजनिक रूप से पीटने और अपमानित करने का अधिकार है? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

Related posts