Lucknow: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच करने पहुंचे दरोगा ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष और उनके परिवार के साथ मारपीट की। भाजपा बूथ अध्यक्ष का दावा है कि दरोगा ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला किया, जिससे उनका सिर फट गया।
मामला खसरवारा गांव का है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दुकान लगाने को लेकर भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद रावत का पड़ोसियों से विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। अरविंद ने थाने पहुंचकर दूसरे पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत की गई।
आरोप है कि रात करीब 11 बजे बंथरा थाने में तैनात दरोगा सचिन यादव पुलिसकर्मियों के साथ अरविंद के घर पहुंचे। उस समय परिवार के लोग घर पर मौजूद थे। अरविंद का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके भाई नरेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, भाई को बचाने पहुंची अरविंद की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई और आरोप है कि दरोगा ने उनके पेट पर लात मारी। इसके बाद विवाद बढ़ने पर अरविंद ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और धमकी दी। फिर कथित तौर पर पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार किया गया।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच मारपीट से जुड़े वीडियो भी सामने आए, जिनमें पुलिसकर्मियों और परिवार के बीच विवाद दिखाई दे रहा है।
एसीपी कृष्णानगर के मुताबिक, प्राथमिक जांच में दरोगा सचिन यादव को दोषी पाए जाने पर सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार को सौंपी गई है।
अब जांच के बाद ही साफ होगा कि पूरे घटनाक्रम में वास्तविकता क्या थी और किसकी भूमिका कितनी थी।
