Lucknow: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के चार लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका विनीता (35) अपने पति अवनीश कुमार, जो कैंट थाने में दरोगा हैं, और 13 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ बुद्धेश्वर चौराहा स्थित भक्तामऊ में किराए के मकान में रहती थीं। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की शाम उन्हें बेहोशी की हालत में इरा मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने अगले दिन पुलिस को इसकी सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद विनीता द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के भाई विनय ने बताया कि विनीता की शादी वर्ष 2008 में हुई थी और तभी से उसे दहेज व घरेलू प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। उनका आरोप है कि अवनीश कुमार शराब के नशे में अक्सर विनीता के साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी विनीता ने अपनी मां को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके कुछ देर बाद परिवार को उसकी गंभीर हालत की सूचना मिली।
विनय ने यह भी दावा किया कि मृतका के 13 वर्षीय बेटे ने बताया कि उसके पिता शराब के नशे में घर आए थे और माता-पिता के बीच विवाद व मारपीट हुई थी। इसके बाद क्या हुआ, उसे जानकारी नहीं है।
पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होती है और आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
